*‘आग – The Fire’ में दिखेगा सितारों और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम*

‘आग – The Fire’ में दिखेगा सितारों और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम

समीर शाह, सोना कुरैशी और प्रिया पौडवाल अहम भूमिकाओं में; राणा के किरदार में सहारनपुर के मशहूर गायक जावेद अख्तर

रुड़की। नशे के खिलाफ जागरूकता का मजबूत संदेश लेकर आ रही फिल्म “आग – The Fire” को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म की कहानी नशे के बढ़ते कारोबार, अपराध, युवाओं के संघर्ष और कानून की लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में एक्शन, रोमांस, भावनात्मक दृश्यों और सामाजिक संदेश का प्रभावशाली मिश्रण देखने को मिलेगा।

फिल्म में समीर शाह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि सोना कुरैशी भी अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी। सुप्रसिद्ध गायिका प्रिया पौडवाल भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। उनकी मौजूदगी फिल्म को एक अलग आकर्षण देने वाली है।

फिल्म की सबसे चर्चित कास्टिंग में से एक राणा का किरदार है। यह भूमिका सहारनपुर के मशहूर गायक जावेद अख्तर निभाते नजर आएंगे। राणा का किरदार अपराध की दुनिया और स्पीड ट्रक माफिया से जुड़ा एक प्रभावशाली और खतरनाक चरित्र बताया जा रहा है। राणा और फिल्म के मुख्य किरदार रुद्र चौधरी के बीच संघर्ष कहानी में एक्शन और रोमांच का प्रमुख केंद्र होगा।

फिल्म के कॉन्सेप्ट एवं निर्माण से जुड़े अनुराग चौधरी एडवोकेट भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। वह रुद्र चौधरी का किरदार निभाएंगे। रुद्र एक जुझारू अधिकारी के रूप में नशे के नेटवर्क और अपराध के खिलाफ मोर्चा संभालता दिखाई देगा।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

“आग – The Fire” की खास बात यह है कि इसमें रुड़की, हरिद्वार और सहारनपुर के स्थानीय कलाकारों तथा जाने-माने YouTube चेहरों को भी अभिनय का अवसर दिया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र की प्रतिभाओं को फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने का मंच मिलेगा।

हरिद्वार और रुड़की में होगी पूरी शूटिंग

फिल्म की समस्त शूटिंग हरिद्वार और रुड़की के विभिन्न लोकेशनों पर की जाएगी। गंगा नगरी के प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक परिवेश के साथ रुड़की के शहरी और आसपास के क्षेत्रों को भी कहानी के अनुरूप फिल्माया जाएगा।

मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश

“आग – The Fire” का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना भी है। फिल्म यह संदेश देने का प्रयास करेगी कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

समीर शाह, सोना कुरैशी, प्रिया पौडवाल, जावेद अख्तर और अनुराग चौधरी के साथ स्थानीय कलाकारों एवं YouTube चेहरों की मौजूदगी इस फिल्म को खास बना रही है। फिल्म की शूटिंग शुरू होने और अन्य कलाकारों के नाम सामने आने के साथ “आग – The Fire” को लेकर रुड़की, हरिद्वार और सहारनपुर में चर्चाएं और तेज होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *