रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय कन्या पाठशाला, सफापुर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्कूल की 5 शिक्षिकाओं को प्रतिष्ठित ‘नेशन बिल्डर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत होने वाली शिक्षिकाओं में नसरीन बानो, कुमकुम सिंघल, रेशु भारद्वाज, अनुपम शर्मा एवं सीमा शर्मा शामिल हैं। समारोह को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब अध्यक्ष अलका मित्तल ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं, जो न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देते हैं बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों का सिंचन कर एक आदर्श नागरिक बनाते हैं। राष्ट्र निर्माण में अध्यापकों का योगदान अतुलनीय है और उनका सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
वहीं पूर्व असिस्टेंट गवर्नर सुभाष सरीन ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक के बिना एक सभ्य, सुशिक्षित और प्रगतशील समाज की कल्पना भी नहीं की जा सकती। शिक्षक ही वह मार्गदर्शक हैं जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करते हैं। इस अवसर पर क्लब प्रेसिडेंट इलेक्ट वी.के. जैन, पूर्व अध्यक्ष वंदना मोहन, विनय शर्मा, नीलम शर्मा एवं पूजा गुप्ता सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
*रोटरी क्लब रुड़की के द्वारा 5 शिक्षिकाओं को नेशन बिल्डर अवार्ड से किया सम्मानित।*
