*कलियर विधानसभा के ब्रह्मपुर शंकरपुरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, युवाओं में दिखा जोश भारत माता के जयघोष से गूंजा कलियर क्षेत्र।*

पिरान कलियर।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विधानसभा पिरान कलियर के ग्राम ब्रह्मपुर शंकरपुरी में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीणों और मातृशक्ति ने पूरे गांव में यात्रा निकालकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।रोमा सैनी ने कहा कि देश की तरक्की और सम्मान के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। तिरंगा हमें एकता, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

तिरंगा यात्रा में ग्राम प्रधान ईशा सिंह, सुभाष गिरी, अनिल, रेशु, इमरान, कल्पना, सपना, सुरेखा और गीता सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *