रुड़की। पनियाला रोड क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही सड़क, नाला निर्माण और जल निकासी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर शिवपुरम जन कल्याण समिति ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने तथा अनेक आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।धरने को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि क्षेत्र में जलभराव, टूटी सड़कें और नालों के अभाव से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों ने केवल आश्वासन दिए। अब जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और उग्र करते हुए आमरण अनशन भी शुरू किया जाएगा।धरने के दौरान पूर्व पार्षद सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन को हर स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पुतलों का दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के धैर्य की परीक्षा अब और नहीं ली जा सकती तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।धरना स्थल पर मूला सिंह, अजय विश्नोई, राहुल कौशिक, जितेंद्र सैनी, हेमा विष्ट, चंद्रप्रकाश शर्मा, राजेश गोस्वामी, सुशील, मीना, माया नेगी, मुकेश कुमार, अमित शर्मा, मनोज धीमान, रमेश सिंह, राजीव कुमार, सुखमंदर, राजेंद्र जुयाल, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि जब तक सड़क, नाला निर्माण और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
*सड़क, नाला निर्माण और जल निकासी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, आंदोलन तेज करने की चेतावनी*
