हरिद्वार। धीरवाली स्थित बैरियर के पास शिव मंदिर में 15 जुलाई से प्रारंभ हुई सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यह कथा 21 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन अनुराग कृष्ण प्रभु जी द्वारा लिए गए 11 श्रीमद्भागवत कथाओं के संकल्प की चतुर्थ कथा है।
कथावाचक पंडित अभिषेक शर्मा प्रिया दास जी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों में श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में भक्ति, सदाचार, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है तथा भगवान की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है।
कथा के दौरान भजन गायिका प्रिया पौडवाल जी ने अपने मधुर एवं भक्तिमय भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर “राधे-राधे” एवं “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर शिव मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विनय प्रसाद जी ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मंदिर समिति के अनुज चौहान जी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा सभी श्रद्धालुओं से 21 जुलाई तक चलने वाली कथा में प्रतिदिन उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम के आयोजक अनुराग कृष्ण प्रभु जी ने बताया कि यह आयोजन उनके 11 श्रीमद्भागवत कथाओं के संकल्प की चतुर्थ कड़ी है। उन्होंने मंदिर समिति, सभी सहयोगियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी से कथा के शेष दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया।
