हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा:जाली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जाली नोट तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये के छपे हुए नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 27 जून को श्यामपुर पुलिस ने 52,500 रूपये के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की गहन विवेचना और पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में 29 जून को सूचना मिली कि कुछ आरोपी क्विड कार(UK-08BG-6798) में नकली नोट छापने से संबंधित उपकरण और जाली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बिजनौर की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जाली नोट तैयार करने में प्रयुक्त लैपटॉप, एचपी और कैनन कंपनी के दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, 500 के चार असली नोट तथा 25 पेपर शीट बरामद की गईं, जिन पर करीब 50 हजार रुपये के नकली नोट छपे हुए थे और उनकी कटिंग बाकी थी। इसके अलावा गांधीजी के वॉटरमार्क वाली एक शीट भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सदस्य गुलजार ऑनलाइन विशेष कागज मंगाता था, जबकि शगुन असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाता था ताकि प्रिंट बिल्कुल असली जैसा दिखाई दे। आरोपी देवेंद्र ने बताया कि इससे पहले वह और गुलजार बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुके थे, जिनमें से लगभग 60 हजार रुपये के जाली नोट बाजार में चला दिए गए थे। बाद में अधिक मुनाफे के लालच में उन्होंने अपने साथ शिवम और शगुन को भी इस गिरोह में शामिल कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से नकली नोट तैयार कर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा था। गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने इसकी जड़ पर प्रहार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र कुमार निवासी सरदारपुर छामली, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उप्र)गुलजार अहमद निवासी टांडा सिक्कावाला, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उप्र)शगुन जोशी निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार शामिल है उनके पास सेएक लैपटॉप,एचपी और कैनन कंपनी के दो प्रिंटर,पांच मोबाइल फोन,500 के चार असली नोट,25 शीटों पर छपे करीब 50 हजार के नकली नोट गांधीजी के वॉटरमार्क वाली एक शीट बरामद की है। इस कार्रवाई को प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *