*विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला 2026 के निर्विघ्न, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के उपलक्ष्य में रविवार को ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात की। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मेले के ऐतिहासिक सफल संचालन के लिए एसएसपी भुल्लर को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका विशेष अभिनंदन व सम्मान किया।*

​हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला 2026 के निर्विघ्न, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के उपलक्ष्य में रविवार को ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात की। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मेले के ऐतिहासिक सफल संचालन के लिए एसएसपी भुल्लर को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका विशेष अभिनंदन व सम्मान किया।
​प्रेस क्लब के अध्यक्ष बाबर खान ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ मेले में लगभग 4.80 लाख से अधिक कांवड़िये धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे थे। इतने विशाल जनसैलाब की सुरक्षा व्यवस्था संभालना, भीड़ को नियंत्रित करना और शहर के ट्रैफिक रूटों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन के लिए एक अत्यंत कठिन और बड़ी चुनौती थी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के कुशल दूरदर्शी नेतृत्व, सटीक रणनीति और पुलिस बल के अथक परिश्रम के चलते ही इतना बड़ा महाआयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके लिए एसएसपी और पूरी पुलिस टीम बधाई की पात्र है।
​प्रेस क्लब के महामंत्री बिक्रमजीत सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि मेले के दौरान जिस प्रकार हरिद्वार पुलिस के जवानों ने 24 घंटे मुस्तैद रहकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभाला, उसने ‘मित्र पुलिस’ की कार्यशैली की बेहतरीन मिसाल पेश की है। पुलिस प्रशासन के कड़े प्रयासों और दूरदर्शी प्रबंधन के कारण ही श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन व दैनिक गतिविधियों में किसी बड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
​प्रेस क्लब का धन्यवाद व्यक्त करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले का सफल और निर्विघ्न संचालन केवल पुलिस के प्रयासों का परिणाम नहीं है, बल्कि इसमें मीडिया जगत का सकारात्मक सहयोग, स्थानीय जनता का अनुशासन और सभी विभागों का आपसी तालमेल बेहद महत्वपूर्ण रहा है।
​इस अवसर पर ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दानिश कुरैशी, सागर ठाकुर, विशवास सैनी, रोहन कुमार, गोपाल शर्मा, धर्मराज और अभिषेक कश्यप सहित प्रतिनिधिमंडल के कई सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *