भारत विकास परिषद अविरल गंगा शाखा द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रुड़की। भारत विकास परिषद, अविरल गंगा शाखा, रुड़की द्वारा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर विद्यालय, रुड़की में परिषद के सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. नवीन खन्ना ने विभिन्न प्रकार के नशों से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। परिषद की सदस्य एडवोकेट प्रीति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से मोबाइल फोन के बढ़ते नशे से बचने तथा समय का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
शाखा अध्यक्षा श्रीमती रीति वर्मा ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा पुरी का कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा पुरी ने भारत विकास परिषद, अविरल गंगा शाखा का आभार व्यक्त करते हुए परिषद द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा एवं जागरूकता कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती नीलम मधोक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 270 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।
*भारत विकास परिषद अविरल गंगा शाखा द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।*
