दातागंज में पुलिस हिरासत में दलित युवक की मौत, CCTV फुटेज पर उठे गंभीर सवाल
बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र में दलित युवक राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई के बाद राजेश की हालत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। सामने आए हवालात के कथित वीडियो में राजेश बेहद कमजोर हालत में दिखाई दे रहा है और पुलिसकर्मी के हाथ छोड़ते ही वह जमीन पर गिरता नजर आता है।
पुलिस का कहना है कि राजेश की तबीयत बिगड़ी थी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजन पुलिस की भूमिका पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
मामले में मांग उठ रही है कि दातागंज थाने के CCTV फुटेज को सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। पुलिस हिरासत में हुई मौत की जांच स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय एजेंसी से कराए जाने की भी मांग की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि राजेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा एवं उचित मुआवजा मिले।
नोट: वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि आधुनिक आदान-प्रदान द्वारा नहीं की गई है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
