*बेहड़की सैदाबाद में जलभराव से हड़कंप, अंकित त्यागी और विनय त्यागी ने अधिकारियों को दिखाए हालात।*

बेहड़की सैदाबाद में जलभराव से हड़कंप, अंकित त्यागी और विनय त्यागी ने अधिकारियों को दिखाए हालात
भगवानपुर। लगातार हो रही भारी बारिश ने भगवानपुर ब्लॉक के ग्राम बेहड़की सैदाबाद में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। गांव के कई हिस्सों में जलभराव होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित त्यागी को दी। सूचना मिलते ही अंकित त्यागी तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर एसडीएम को फोन पर पूरे मामले से अवगत कराया।
सूचना के बाद प्रशासन हरकत में आया और पटवारी व कानूनगो मौके पर पहुंचे। क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित त्यागी तथा विनय त्यागी ने अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कराया और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित त्यागी ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की।
वहीं विनय त्यागी ने कहा कि हर वर्ष बारिश के दौरान ग्रामीणों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना चाहिए।
इस दौरान दर्जनों ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य शुरू कराने और गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *