हरियाणा के छात्र लक्ष्य सैनी की एनआईटी कालीकट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
-एनआईटी कालीकट से बीटेक कर रहे लक्ष्य की हत्या को आत्महत्या दिखाने का आरोप
-पिता ने बेटे की रैगिंग में हत्या करके फांसी देने का लगाया आरोप
-गुरुग्राम के सैनी समाज समेत अन्य सामाजिक लोगों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
-हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्देश पर बहादुरगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज हुई
गुरुग्राम। एनआईटी कालीकट में बीटेक के छात्र लक्ष्य सैनी (19) की संदिग्ध मौत मामले में हरियाणा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केरल पुलिस को ट्रांसफर कर दी है। लक्ष्य सैनी अगस्त 2025 में एनआईटी कालीकट में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। गुरुग्राम के सैनी समाज समेत अनेक सामाजिक लोगों ने इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायतकर्ता सुंदरलाल पुत्र ताराचंद सैनी निवासी नया गांव बहादुरगढ़ जिला झज्जर ने बताया कि वह इंडियन कोस्टगार्ड में सर्विस पर्सन है और अंडमान निकोबार में पोस्टेड है। उसका बेटा लक्ष्य सैनी अगस्त 2025 में एनआईटी कालीकट में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। सुंदरलाल के अनुसार 24 अगस्त 2026 को एनआईटी कैंपस में उसके बेटे की हत्या कर दी गई। सूचना फोन पर दी गई। 23 अगस्त की रात 08:39 बजे लक्ष्य की आखिरी बार अपनी मां से बात हुई थी कि मम्मी मैं अभी परेशान हूं, सोने जा रहा हूं। अगले दिन 24 अगस्त को शाम 07:15 बजे फैकल्टी एडवाइजर अंतु चैको का फोन आया कि लक्ष्य ने सुसाइड अटेम्प्ट किया है। उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। कुछ देर बाद वाट्सऐप पर मैसेज आया कि बेटा नहीं रहा। लक्ष्य के पिता सुंदरलाल का आरोप है कि 26 अगस्त को जब वह फ्लाइट से कॉलेज पहुंचा तो ओणम की छुट्टी का हवाला देकर जल्दी पोस्टमार्टम करवाया गया और शव सौंप कर जाने को कहा गया। केरल पुलिस ने मलयालम भाषा में स्टेटमेंट लिखकर उसकी बेटी गीतांजलि से जबरन हस्ताक्षर करवाए। हॉस्टल के रूममेट्स से मिलने नहीं दिया गया और कॉलेज प्रशासन ने बच्चों को घर भेज दिया। कमरे का दरवाजा तोड़ते समय की कोई वीडियो भी नहीं दी गई।
एफआईआर में सुंदरलाल ने आरोप लगाया कि उसके बेटे को एनआईटी कालीकट के छात्र रबी, हर्ष सिंगला, हर्ष वर्धन, सागरिक, तेजस, सुखिरथ और रूममेट अविनाश व श्रीनाथ द्वारा रैगिंग व परेशान किया जाता था। इस बारे में लक्ष्य ने कॉलेज की एंटी रैगिंग टीम और थाना कुन्नमंगलम में शिकायत भी दी थी, पर कार्रवाई नहीं हुई। पिता ने आरोप लगाया है कि इन छात्रों के साथ डीन सत्यनंद पांडा, फैकल्टी अन्नू चैको, वार्डन शरीफ, एफए मुनिश्वर ने मिलकर रैगिंग व हैरेसमेंट कर मारकर फांसी का रूप दिया और सबूत नष्ट किए। लक्ष्य के पिता सुंदर लाल, मां बाला देवी के अलावा रामनिवास व मनबीर सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने पीडि़त परिवार से घर पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री के आदेश पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई और केरल भेजी गई। थाना सदर बहादुरगढ़ में 3 अक्टूबर 2026 को जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। घटनास्थल एनआईटी कालीकट, थाना कुन्नमंगलम, जिला कोझिकोड केरल का है। इसलिए जीरो एफआईआर बहादुरगढ़ में दर्ज करके आगामी कार्रवाई के लिए कोझिकोड सिटी भेजी गई है।
*हरियाणा के छात्र लक्ष्य सैनी की एनआईटी कालीकट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*
