एनएसएस स्थापना दिवस पर आयोजित हुआ एक दिवसीय शिविर; ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और निस्वार्थ सेवा का दिया संदेश
24 सितंबर 2026: राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर आज श्री मारवाड़ कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की इकाई संख्या 546 द्वारा प्रथम एक दिवसीय विशेष शिविर का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य रूप से ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘पर्यावरण संरक्षण’, ‘पॉलिथीन मुक्त भारत’ एवं ‘निस्वार्थ समाज सेवा’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल जी का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत करते हुए किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
शिविर में इकाई की सभी 108 स्वयंसेविकाओं ने पूर्ण उपस्थिति दर्ज कराते हुए बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनु शर्मा द्वारा शिविर की विभिन्न गतिविधियों को सुचारू एवं अनुशासित रूप से संचालित करने के लिए स्वयंसेविकाओं को पांच अलग-अलग दलों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक दल के लिए एक-एक समन्वयक नियुक्त किया गया। संपूर्ण शिविर की गतिविधियों की देखरेख एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए कुमारी जसमीत कौर को कैंप कमांडर बनाया गया, जिनके कुशल नियंत्रण में सभी स्वयंसेविकाओं ने दिनभर की गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
प्रथम एक दिवसीय शिविर के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय के अंतर्गत विशेष शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल जी, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनु शर्मा, सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बबीता त्यागी एवं कार्यकारिणी ने स्वयं शपथ ली तथा सभी 108 स्वयंसेविकाओं को भी अपने घर, विद्यालय, मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों को सदैव स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल ध्येय वाक्य “स्वयं से पहले आप” (Not Me But You) के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दिलाया गया। स्वयंसेविकाओं ने संकल्प लिया कि वे समाज, विद्यालय एवं घर में जरूरतमंदों, बुजुर्गों तथा अन्य लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगी और बिना किसी स्वार्थ के सेवा भावना को अपने आचरण में उतारेंगी।
शिविर में छात्राओं को ‘पॉलिथीन मुक्त भारत’ बनाने के लिए जागरूक किया गया। छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं घर एवं विद्यालय में प्लास्टिक तथा पॉलिथीन का उपयोग कम करें तथा अपने रिश्तेदारों एवं पड़ोसियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह शिविर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को समर्पित किया गया। इस अभियान के तहत छात्राएं अपने घरों से पौधे, गमले तथा पौधे एवं गमले दोनों साथ लेकर आईं। गमले और पौधे साथ लाने वाली छात्राओं में से तीन छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया, जिन्हें प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल एवं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनु शर्मा द्वारा विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन पौधों एवं गमलों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित छात्राओं को सौंपी गई तथा आगामी कार्यक्रमों में इनके संरक्षण एवं विकास का निरीक्षण किया जाएगा।
शिविर के दौरान ‘स्वच्छता’ एवं ‘पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल जी द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में रंगोली प्रदर्शन एवं रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला हरिद्वार के समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह जी के अमूल्य मार्गदर्शन की विशेष सराहना की गई तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। डॉ. एस.पी. सिंह जी के निरंतर सहयोग, सहृदय मार्गदर्शन एवं ग्रुप के माध्यम से दिए जाने वाले सरल दिशा-निर्देशों के कारण शिविर का आयोजन अत्यंत सुगमता एवं सफलता के साथ संपन्न हो सका।
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की अध्यापिकाओं श्रीमती श्रद्धा शर्मा, श्रीमती डिंपल त्यागी, श्रीमती मनीषा गुप्ता, श्रीमती पायल गोयल एवं श्रीमती नीरजा सखूजा और कुमारी इकरा ने अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के संचालन, छात्राओं के मार्गदर्शन एवं व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से स्वयंसेविकाओं द्वारा लाल कुर्ती, रुड़की क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी को नाश्ता प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रवक्ता गृह विज्ञान श्रीमती अनु शर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं संयोजन में आज के सभी कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। वहीं सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बबीता त्यागी का भी इस एक दिवसीय शिविर को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती भारती अग्रवाल जी ने कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनु शर्मा, सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बबीता त्यागी एवं कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाली सभी अध्यापिकाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। प्रधानाचार्या जी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समाजोपयोगी, पर्यावरण-हितैषी एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि छात्राओं में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो तथा समाज में सकारात्मक जागरूकता का प्रसार हो सके।
