*बारिश के बीच भी मेहंदी लगवाने पहुंचीं महिलाएं, बोलीं—बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना है*

बारिश के बीच भी मेहंदी लगवाने पहुंचीं महिलाएं, बोलीं—बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना है

समर्पण महिला शाखा के तीज महोत्सव में सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं ने लगाई मेहंदी

रुड़की। मौसम खराब था, आसमान से बारिश हो रही थी, लेकिन महिलाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हरियाली तीज महोत्सव के तहत समर्पण महिला शाखा की ओर से हार्मिलाप धर्मशाला, साकेत रुड़की में आयोजित मेहंदी कार्यक्रम में शहर की महिलाएं निर्धारित समय से पहले ही पहुंचने लगीं और मेहंदी लगवाने के लिए उत्साहपूर्वक कतार में बैठ गईं। महिलाओं की यह भागीदारी देखकर संस्था के पदाधिकारी भी बेहद प्रसन्न नजर आए।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मेहंदी लगाने का अवसर उन बालिकाओं को दिया गया, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं और मेहंदी लगाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। संस्था का उद्देश्य इन बच्चियों को हुनर के माध्यम से आगे बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है। वहीं, शहर की महिलाओं ने भी इन बालिकाओं से मेहंदी लगवाकर उनका उत्साह बढ़ाया। महिलाओं का कहना था कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनके हाथों पर उनके ही समाज की बेटियां मेहंदी रचा रही हैं और अपने हुनर को आगे बढ़ा रही हैं।

समर्पण महिला शाखा की अध्यक्ष रेनू गुप्ता ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में महिला शाखा की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि अब महिलाएं सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए स्वयं आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद महिलाओं का समय से पहले पहुंचना संस्था के प्रति उनके विश्वास और उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने शहर की अधिक से अधिक महिलाओं से समर्पण महिला शाखा से जुड़ने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

महामंत्री प्रीति अग्रवाल ने कहा कि समर्पण महिला शाखा धीरे-धीरे विस्तार कर रही है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार भागीदारी कर रही है। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर महिलाओं ने शिविर में पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों के लिए भोजन व्यवस्था में सहयोग किया और अब तीज महोत्सव के अवसर पर मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

कोषाध्यक्ष बबीता यादव ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि हरियाली तीज महोत्सव को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को हरियाली तीज के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति के गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। उन्होंने शहरवासियों और महिलाओं से कार्यक्रम में पहुंचकर उत्सव का आनंद लेने की अपील की।

समर्पण महिला शाखा की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी महिलाओं, बालिकाओं और समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इसी प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में नीलम सिंगल, सुगंधा अग्रवाल, वैशाली गोयल, अनुराधा गोयल, रेशु त्यागी, दीपशिखा अवस्थी, छवि बंसल, उमा त्यागी, सुहानी अरोड़ा, दिव्या, काजल, शिखा, राधिका, उन्नति, रिया, तमन्ना, कामना, परी, सलोनी, संजीवनी, आध्या, गायत्री, प्रियांशी, सिमरन सहित अनेक बालिकाओं ने मेहंदी लगाई। शहर की बड़ी संख्या में महिलाएं भी मेहंदी लगवाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *