🙏 आदरणीय पत्रकार साथियों, बड़े भाइयों एवं छोटे भाइयों को सादर प्रणाम।
आप सभी को एक महत्वपूर्ण सूचना देना चाहता हूँ।
आपकी अपनी संस्था समर्पण जन कल्याण संगठन, रुड़की पिछले 26 वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों के लिए भंडारे के साथ-साथ निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराती आ रही है। इस सेवा के माध्यम से न जाने कितने घायल और बीमार कांवड़ियों को समय पर उपचार मिला और कई लोगों की जान तक बचाई जा सकी।
लेकिन अत्यंत दुख और पीड़ा के साथ इस वर्ष आप सभी को सूचित करना पड़ रहा है कि चिकित्सा शिविर के लिए अनुमति नहीं मिल पाने के कारण इस बार समर्पण के पंडाल में मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाएगी।
हमारी ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री राजेश गुप्ता जी से कई बार प्रार्थना एवं अनुरोध किया गया, लेकिन अभी तक चिकित्सा शिविर की अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन की ऐसी कौन-सी गाइडलाइन है, जिसके कारण 26 वर्षों से निरंतर चल रही इस जनसेवा को इस वर्ष अनुमति नहीं मिल रही है, यह बात हमें भी समझ नहीं आ रही है।
पत्रकार साथियों, आप सभी इस बात से भली-भांति परिचित हैं कि समर्पण के शिविर में चिकित्सा सुविधा कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हजारों कांवड़ियों को समय पर दवाई, प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता मिलती रही है। इस बार मेडिकल सुविधा नहीं होने से निश्चित रूप से शिवभक्त कांवड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इसलिए मैं आप सभी पत्रकार साथियों के माध्यम से शासन-प्रशासन और आम जनमानस तक यह सूचना पहुंचाना चाहता हूं कि इस वर्ष समर्पण जन कल्याण संगठन के पंडाल में केवल भंडारे की सेवा आयोजित की जा रही है, चिकित्सा शिविर नहीं।
🙏 आप सभी से मेरा हाथ जोड़कर निवेदन है कि कृपया इस महत्वपूर्ण सूचना को अपनी-अपनी मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कष्ट करें, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों तक भी यह आवाज पहुंचे और उन्हें यह एहसास हो कि कांवड़ यात्रा के दौरान चिकित्सा सेवा कितनी आवश्यक है।
26 वर्षों से चल रही जनसेवा को केवल एक अनुमति के अभाव में रोकना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
आपका सहयोग और आपकी आवाज ही हमारी ताकत है।
आपका छोटा भाई
नरेश यादव
अध्यक्ष, समर्पण जन कल्याण संगठन, रुड़की
