विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर समाज उत्थान न्यास ने किया वृक्षारोपण
-एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आईटीआई मौजाबाद में लगाया गया हरियाली का संकल्प
गुरुग्राम, विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर समाज उत्थान न्यास गुरुग्राम द्वारा आईटीआई मौजाबाद परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरुकता बढ़ाना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश देना रहा।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने और पर्यावरण बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। ब्लॉक प्रधान कृष्ण सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा। आईटीआई प्राचार्य विजयपाल ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। आज जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण के दौर में उनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
वृक्षारोपण में समाज उत्थान न्यास गुरुग्राम के लीडर रामकिशन, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य रामकिशन यादव, सुबे, खुशवत, खुशीराम, बल्लीराम, महावीर, राजेश, जैतपुर के प्रधान हरेंद्र और सुरेश सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प दोहराया। समाज उत्थान न्यास के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था आगे भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरुकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वन है, तभी जीवन है-का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
*विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर समाज उत्थान न्यास ने किया वृक्षारोपण-एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आईटीआई मौजाबाद में लिया गया हरियाली का संकल्प।*
