*बेल्डा के उज्ज्वल कुमार बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, गांव के पहले सैन्य अधिकारी बनने का गौरव मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे से साकार किया सपना; माता-पिता बोले—कंधों पर सितारे देखकर गर्व से भर उठा दिल*

बेलड़ा के उज्ज्वल कुमार बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, गांव के पहले सैन्य अधिकारी बनने का गौरव

मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे से साकार किया सपना; माता-पिता बोले—कंधों पर सितारे देखकर गर्व से भर उठा दिल

रुड़की । बेलड़ा गांव निवासी उज्ज्वल कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उज्ज्वल कुमार के गांव के पहले सेना अधिकारी बनने की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

उज्ज्वल कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मोटर्फोट स्कूल, रुड़की से प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की शिक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरी की। इसके बाद उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी से बीटेक की शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने एनसीसी में भी सक्रिय सहभागिता की। एनसीसी से जुड़े रहने के दौरान उनके व्यक्तित्व में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना और मजबूत हुई।

उज्ज्वल की उपलब्धियों का सफर शुरू से ही प्रेरणादायक रहा। उन्होंने अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत की और अपने सपने को कभी पीछे नहीं छोड़ा। सेना में अधिकारी बनने की उनकी दृढ़ इच्छा और देश की सेवा करने के जज्बे ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण के बाद उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया।

माता-पिता ने कहा—बेटे ने परिवार ही नहीं, पूरे गांव का नाम रोशन किया

उज्ज्वल कुमार के पिता मोहित कुमार, जो यूपीसीएल में कार्यरत हैं, तथा माता श्रीमती अर्चना देवी ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। परिवार के अनुसार उज्ज्वल बचपन से ही मेहनती, लगनशील और देशसेवा के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने अपने सपने को कभी छोड़ा नहीं और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहे।

परिजनों ने कहा कि आज जब उज्ज्वल के कंधों पर सेना के सितारे देखकर सामने आए तो उनका हृदय गर्व से भर उठता है। बेटे की सफलता ने परिवार के साथ-साथ पूरे बेलड़ा गांव को गौरवान्वित किया है।

गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए बने प्रेरणा

उज्ज्वल कुमार की सफलता से बेलड़ा गांव के लोगों में भी उत्साह है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि गांव के एक युवा का भारतीय सेना में अधिकारी बनना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सेना में जाकर देशसेवा करने का सपना देखते हैं।

क्षेत्रवासियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उज्ज्वल कुमार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उम्मीद जताई कि वह भारतीय सेना में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा करते हुए परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम आगे भी रोशन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *