स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार-2026 के लिए अनु शर्मा का चयन
प्रदेशभर के प्राथमिक से उच्च शिक्षा क्षेत्र से मात्र 09 शिक्षकों का चयन, हरिद्वार से अकेली चयनित शिक्षिका; जिला NSS समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने फोन कर दी बधाई
रुड़की। समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से निरंतर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए श्री मारवाड़ कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की छावनी, हरिद्वार की गृह विज्ञान प्रवक्ता एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनु शर्मा का चयन प्रतिष्ठित ‘स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार-2026’ के लिए किया गया है।
राज्य स्तरीय इस सम्मान के लिए उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक विभिन्न संस्थानों एवं संकायों से मात्र 09 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें हरिद्वार जनपद से श्रीमती अनु शर्मा का चयन हुआ है। वह हरिद्वार जनपद से इस सम्मान के लिए चयनित अकेली शिक्षिका हैं। उनका चयन रुड़की एवं हरिद्वार जनपद के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है।
उच्च स्तरीय चयन समिति ने किया चयन
पुरस्कार की घोषणा हिमालयन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (हर्ड्स) के सचिव प्रो. अतुल जोशी ने की। उन्होंने बताया कि पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ‘माइती’ की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय चयन समिति ने शिक्षिका अनु शर्मा के सामाजिक, पर्यावरणीय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उनका चयन किया है।
गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार सक्रिय
श्रीमती अनु शर्मा का कार्य केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी के रूप में उन्होंने छात्राओं को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रसेवा से जोड़ने के साथ अनेक जनजागरूकता अभियानों का नेतृत्व किया है।
गंगा स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, पौधरोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में सहभागिता कर समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाया है।
जिला NSS समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने फोन कर दी बधाई
श्रीमती अनु शर्मा के राज्य स्तरीय स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार-2026 के लिए चयनित होने पर जिला हरिद्वार राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने उन्हें फोन पर वार्ता कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी के रूप में अनु शर्मा को राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया जाना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अनु शर्मा ने अपने निरंतर सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों के माध्यम से जिला हरिद्वार का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि NSS के माध्यम से छात्राओं को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा से जोड़ना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। अनु शर्मा द्वारा इस दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा एवं जनजागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाती रहें।
प्रधानाचार्य भारती अग्रवाल एवं प्रबंधक ललित मोहन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
प्रधानाचार्य श्रीमती भारती अग्रवाल ने कहा कि अनु शर्मा का राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयन विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अनु शर्मा ने अपने कार्यों के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया है।
प्रबंधक श्री ललित मोहन अग्रवाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन, समर्पण एवं समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने अनु शर्मा को भविष्य में भी इसी प्रकार पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहने तथा विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व में भी मिल चुका है ‘स्पर्श गंगा अभियान सम्मान’
पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए इससे पूर्व भी श्रीमती अनु शर्मा को स्पर्श गंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय ‘स्पर्श गंगा अभियान सम्मान’ प्रदान किया जा चुका है। उन्हें यह सम्मान पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की सुपुत्री तथा स्पर्श गंगा की राष्ट्रीय संयोजक आरुषि निशंक द्वारा प्रदान किया गया था।
17 दिसंबर को हल्द्वानी में होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह
श्रीमती अनु शर्मा को आगामी 17 दिसंबर 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश की अनेक विशिष्ट एवं नामी-गिरामी हस्तियों के मौजूद रहने की संभावना है।
श्रीमती अनु शर्मा के राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयनित होने पर श्री मारवाड़ कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की छावनी के प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, छात्राओं एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने उनके चयन को हरिद्वार जनपद और रुड़की के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
