*किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना पर निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दिया गया ज्ञापन*

रुड़की। 24 सितंबर 2026। अखिल भारतीय पंजाबी खत्री स्वयं सेवक संघ, रुड़की इकाई की ओर से किच्छा में माननीय विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी रुड़की के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

संरक्षक प्रमोद जोहर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान एवं सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ यदि अभद्रता या हिंसा की घटना होती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और जांच तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।

संरक्षक प्रदीप सचदेवा ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता की आवाज होते हैं। उनके साथ होने वाली किसी भी घटना की गंभीरता से जांच किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर, यदि किसी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

संरक्षक सुनील साहनी ने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के पक्ष अथवा विपक्ष में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं, कानून के शासन और आम नागरिकों की सुरक्षा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

अध्यक्ष पंकज नंदा ने कहा कि अखिल भारतीय पंजाबी खत्री स्वयं सेवक संघ, रुड़की इकाई इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं—पहली, घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच हो; दूसरी, जिन व्यक्तियों के विरुद्ध जांच में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाएं, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पंकज नंदा ने कहा कि संगठन को विश्वास है कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच करेगा और समाज में यह संदेश जाएगा कि कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा, जनप्रतिनिधियों के सम्मान और कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।
इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में जगदीश मेहंदी रता, राजीव ग्रोवर, राजा नरूला,संजीव मेंहदीरत्ता, किरण भाटिया,इंदर बधान , सार्थक छाबड़ा, तथा काफी संख्या में पंजाबी समाज के पदाधिकारी गण एवं सम्मानित जन उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *