*महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी राजेंद्र सिंह रावत न्यायिक हिरासत में, सुध्दोवाला जेल भेजे गए।*

देहरादून

महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी राजेंद्र सिंह रावत न्यायिक हिरासत में, सुध्दोवाला जेल भेजे गए

देहरादून, 20 जुलाई। महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अश्लील, अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ‘पहाड़ी प्रेमी राजेंद्र उत्तराखण्डी’ नाम के फेसबुक अकाउंट से महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची और सामाजिक तनाव फैलने की आशंका उत्पन्न हुई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी राजेंद्र सिंह रावत (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, मामले को लेकर विशेषकर महिलाओं में काफी रोष था तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी या आपत्तिजनक सामग्री को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *