हरेला पर्व पर रा. उ. मा. विद्यालय सालियर, रुड़की में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन
रुड़की, 16 जुलाई 2026। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (रा. उ. मा.) सालियर, रुड़की में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुआ। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री रविन्द्र ममगाई ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी श्रद्धा, कृतज्ञता और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत रामपुर के सहयोग से विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। नगर पंचायत की ओर से ईओ रोहित पंवार, अब्दुल्ला, राजू, हाजी अखलाक, उवेश तथा सुमित सैनी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली, जल संरक्षण तथा प्रकृति संवर्धन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिकाएँ सायमा, यामिनी नागर, अर्चना सैनी तथा शिक्षक राकेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों एवं विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
*हरेला पर्व पर रा. उ. मा. विद्यालय सालियर, रुड़की में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन।*
