पुस्तक समीक्षा
कृति:-भारतीय पर्व एवं उत्सव:-एकता और सद्भावना के प्रतीक
कृक्तिकार : डॉ. कमल किशोर डुकलान ‘सरल’
संपर्क: 99971 60424
प्रकाशक:-आशा पब्लिकेशन
54/1 किशन नगर, देहरादून (उत्तराखंड)
दूरभाष:0135-2754807
पृष्ठ-132 मूल्य-250/-
समीक्षक:- लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल
लब्ध प्रतिष्ठित साहित्यकार
क्षेत्रीय सामाजिक समरसता संयोजक
(पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
मो, 94120 56755
डॉ. कमल किशोर डुकलान ‘सरल’ जी की लेखकीय यात्रा एक मंजिल को प्राप्त कर चुकी है। ऐसी मंजिल जहाँ से पाठकों को एक दिशा मिल सकती है और उपयोगी तथ्यपरक एवं दुलर्भ जानकारियों को प्राप्त कर लाभान्वित हो सकता है। उनके आलेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं। उनकी सद्यः प्रकाशित पुस्तक “भारतीय पर्व एवं उत्सव एकता और सद्भावना के प्रतीक” पाठकों के लिए अत्यंत समीचीन है।
प्रस्तुत पुस्तक”भारतीय पर्व एवं उत्सव:-एकता और सद्भावना के प्रतीक” का शीर्षक एवं विषय इसलिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है क्योंकि इसका प्रकाशन ऐसे समय में किया गया है,जब आधुनिकता और भौतिकता के युग में युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक छरण एवं जीवन मूल्यों के प्रति विकर्षण का भाव निर्माण होता दिख रहा है। यह पुस्तक हमारी भावी पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने में उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
भारत उत्सव प्रधान देश है। यहाँ हर दिन पावन है और हर दिन कोई न कोई पर्व त्योहारों का दिन है। परन्तु प्रत्येक उत्सव, पर्व एवं त्योहार के पृष्ठ में जो ऐतिहासिक, सामाजिक, प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक कारणों की जानकारियों के अभाव में हमारे पर्व एवं उत्सव केवल समारोह बनकर रह जाते हैं,ये त्योहार दिव्य भोजन, मनोरंजन तक ही सिमट कर रह जाते हैं। ऐसे में हमारी भावी पीढ़ी को जो नई ऊर्जा एवं संस्कार मिलने चाहिए वे उद्देश्यों की जानकारी के अभाव में नहीं मिल पाती हैं।
डॉ.मल किशोर डुकलान ‘सरल’ ने अपनी पुस्तक “भारतीय पर्व एवं उत्सव:-एकता और सद्भावना के प्रतीक” में प्रत्येक पर्व-त्योहारों के पीछे उनके मनाये जाने के कारणों तथा परम्पराओं से परिचित कराने का दुर्लभ कार्य किया है, पुस्तक में देश के लोक प्रचलित विशेषकर उत्तराखण्ड में मनाए जाने वाले त्योहारों का विशेष वर्णन है, जिन्हें पढ़कर पाठक अपने पर्व-त्योहारों को प्रसांगिकता को समझ सकते हैं। हरेला, इगास तथा लोकपर्व फूलदेई जैसे पर्व जो हमारी नई पीढ़ी के लिए अनसुने लगते हो,परन्तु लेखक द्वारा अपने लेखों में उसकी महिमा को पुनर्स्थापित करने का सार्थक सफल प्रयास हुआ है। लेखक ने अपनी पुस्तक में केवल पर्व-त्योहारों को ही नहीं अपितु अनेक राष्ट्रपुरुष जैसे महात्मा गाँधी, छत्रपति शिवाजी एवं सरदार बल्लभभाई पटेल के जीवन दर्शन तथा उनके योगदान को भी अपनी पुस्तक में विशेष स्थान दिया, जो सभी सुधि पाठकों के लिए प्रेरणादायी है। इसके अलावा पुस्तक में पर्यावरण संरक्षण, संस्कृत भाषा की महत्ता सहित भारतीय भाषा का महिमा मंडन जैसे विषय राष्ट्रप्रेमियों एवं भाषा प्रेमियों के भावों को अहह्लादित करने वाले हैं।
डॉ कमल किशोर डुकलान ‘सरल’ द्वारा अपनी पुस्तक में बहुत सरल एवं सामान्य बोलचाल की भाषा का प्रयोग किया गया है ताकि सामान्य पाठक भी सरलता से समझ सके। पुस्तक की शब्दरचना, साज-सज्जा एवं विषय वस्तु अत्यन्त आकर्षक है जो पाठकों के मन में पुस्तक पढ्ने हेतु आकर्षित करेगा। लेखक ने सनातन धर्म के प्रति आस्था को सुदृढ़ करने में बहुत ही बड़ी भूमिका का निर्वाहन किया है।
