खरगोन
ई-अटेंडेंस नहीं भरने पर 317 शिक्षकों-कर्मचारियों को नोटिस, जांच में मृत शिक्षक का नाम भी सूची में शामिल मिला
खरगोन जिले में सरकारी स्कूलों की ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने के आरोप में 317 शिक्षकों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें 56 स्कूल प्रभारी, 232 नियमित कर्मचारी और 29 अतिथि शिक्षक शामिल हैं।
हालांकि जांच में पता चला कि सूची में सहायक शिक्षक शोभाराम चौहान का नाम भी शामिल था, जिनका 16 जनवरी 2026 को ही निधन हो चुका है। उनके विभागीय भुगतान भी पहले ही पूरे हो चुके थे। इसके बावजूद नोटिस जारी होने से विभाग के रिकॉर्ड अपडेट सिस्टम और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आदेश में चेतावनी दी गई थी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन भी रोका जा सकता है।
