रुड़की :
बी एस एम चैरिटेबल ट्रस्ट की अवैधानिकता के विरुद्ध ब्राह्मण तथा सर्व समाज द्वारा ज़ारी धरना का आज सोलहवां दिन था। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुधीर शांडिल्य ने आज धरना स्थल पर पहुंच अपना समर्थन दिया ।
धरना स्थल पर आज सतीश कुमार द्वारा ट्रस्ट के प्रमुख रहे स्व. मनोहर लाल शर्मा का वह पत्र ज़ारी किया गया , जिसमें सोसायटीज, चिट्स एवं फंड्स हरिद्वार को ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय समिति के भंग करने की सूचना दी गयी थी।
** उधर डॉ. सम्राट् सुधा ने ट्रस्ट के सचिव को मानहानि का नोटिस भेज दिये जाने की सूचना दी।
सुधीर शांडिल्य में कहा कि पूर्वजों की संस्था को एक परिवार विशेष की संपत्ति नहीं बनने दिया जाएगा।
सतीश कुमार ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया था कि ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय समिति नामक कोई समिति थी ही नहीं। उन्होंने ज़ारी पत्र के हवाले से बताया कि दिनांक 24.03.2015 के इस पत्र को लिखा ही भारतीय संस्कृत महाविद्यालय समिति के लैटर पैड पर गया है, जिसका मूल नाम ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय समिति था।
डॉ. सम्राट् सुधा ने बताया कि ट्रस्ट के सचिव ने दो अक्टूबर को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन पर जो अभद्र आरोप लगाए हैं , उसके लिए मानहानि का नोटिस भेज दिया गया है। इन्हीं आरोपों के कारण कॉलेज के सहायक लेखाकार तथा एक लिपिक के विरुद्ध मुकदमा चल रहा है और दोनों की याचिकाएं पिछले दिनों माननीय उच्च न्यायालय से ख़ारिज हो चुकी हैं।
बिट्टू शर्मा ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से जिस पत्र के द्वारा समिति विघटन की सूचना दी गयी , उसमें समिति को वर्षों पूर्व निस्संतान दम्पत्ति द्वारा दान में दिये गये मालवीय चौक स्थित भवन को बी एस एम लॉ कॉलेज बताया जाना दुःखद तथा शर्मनाक है।
मनोज शर्मा ने कहा कि वर्ष 2015 में यदि समिति विघटन की सूचना सोसायटी चिट्स एवं फंड्स को दे दी गयी थी, तो वर्ष 2020 में यह सूचना पुनः दिया जाना संदेहास्पद है।
जितेंद्र सैनी ने कहा कि धरना को समाज के प्रत्येक वर्ग और सर्व समाज का समर्थन है।
आज धरना स्थल पर बालेश चंद्र शर्मा, अर्जुन पंडित, अरविंद शर्मा, धीरज शर्मा, आदित्य चौधरी,कीर्ति कुमार शर्मा, मामचंद शर्मा, पवन सैनी,गौरव रत्न शर्मा, कपिल कश्यप, वेद प्रकाश, सिद्धि मिश्रा, मेरठ से डॉ. रेखा अवस्थी, डॉ. रमेश अवस्थी आदि उपस्थित हुए।
धरना की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री उत्तराखंड, मुख्य सचिव उत्तराखंड , निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड तथा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बतरा को आज भी ईमेल द्वारा सूचना भेजी गयी।।
