*महिला काव्य मंच की मासिक गोष्ठी में दो बाल लेखिकाओं के उपन्यासों का हुआ लोकार्पण*

महिला काव्य मंच की मासिक गोष्ठी में दो बाल लेखिकाओं के उपन्यासों का लोकार्पण

रुड़की, 15 नवंबर 2026।

होटल सेंटर पॉइंट में महिला काव्य मंच की मासिक काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माउंट लिट्रा जी स्कूल की मात्र बारह वर्ष की दो छात्राओं अनाया गोयल एवं अवनी गोयल के उपन्यासों का लोकार्पण रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवरचना पब्लिक स्कूल और ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल की निदेशिका श्रीमती शालिनी जोशी पंत ने की। मुख्य अतिथि माउंट लिट्रा जी स्कूल के प्रधानाचार्य श्री राजेश देवरानी, मुख्य वक्ता साहित्यकार अनिल अमरोही और अलका घनशाला तथा विशिष्ट अतिथि प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री नवीन शरण निश्चल जी रहे। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर श्रीमती लिपिका जी के साथ माउंट लिटरा क शिक्षक, शिक्षिका भी कार्यक्रम में अंत तक उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला काव्य मंच रुड़की इकाई की अध्यक्ष अर्चना त्यागी के स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। शहर वासियों से महिला काव्य मंच को निरंतर मिल रहे प्रोत्साहन के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पण से हुआ। श्रीमती मृणालिनी शर्मा की स्वरचित सरस्वती वंदना उन्होंने शाहिदा शेख के साथ मिलकर प्रस्तुत की। महिला काव्य मंच की वर्तमान सचिव श्रीमती ममता चंद्रा जी ने महिला काव्य मंच के की स्थापना, पदाधिकारी, सदस्यों एवं मंच द्वारा संचालित साहित्यिक गतिविधियों का संक्षिप्त परिचय दिया।

अनाया गोयल के उपन्यास ‘A Haunted House’ तथा अवनी गोयल के उपन्यास ‘When the Truth Exposes Liars’ का लोकार्पण किया गया। श्री अनिल अमरोही ने अवनी की पुस्तक की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की, वहीं श्रीमती अलका घनशाला ने अनाया के उपन्यास के कलापक्ष एवं भावपक्ष का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए पठनीय पुस्तक बताया। श्री नवीन शरण जी ने शिक्षक की भूमिका को ज्ञान का दीप जलाने वाला बताते हुए दोनों छात्राओं को आशीष एवं शुभकामनाएँ दीं। श्रीमती लिपिका गाड़ी जी ने भी छात्राओं को विद्यालय की शान बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

नवम्बर माह की काव्य गोष्ठी का संचालन कुमारी अनन्या त्यागी ने किया। श्रीमती वीना सिंह जीने ‘इंतजार’ कविता में गाँव और पलायन की पीड़ा उकेरी। श्रीमती कविता गोयल जीने ‘अगर हम पढ़ते’ व्यंग्य से हास्य का वातावरण बनाया। श्रीमती शाहिदा शेखजी ने आशावादी ग़ज़ल, श्रीमती मृणालिनी शर्मा जीने प्रार्थना गीत तथा श्रीमती अलका घनशाला जी ने महिलाओं को समर्पित ‘मैंने पंखों को अपने समेटा ज़रा’ गीत प्रस्तुत किया। श्रीमती अनुपमा गुप्ताजी ने ‘बुद्ध का धन्यवाद’, श्रीमती ममता चंद्राजी ने ‘इंतजार’ ग़ज़ल, श्रीमती अर्चना त्यागीजी ने “तस्वीर का गाँव’, कुमारी अनन्या गोयल ने ‘समय का चक्र’ तथा श्रीमती बुशरा तवस्सुम ने ‘सुख का चश्मा’ कविता प्रस्तुत कर गोष्ठी को विविध भावों से समृद्ध किया। मंच की उपाध्यक्ष बुशरा तबस्सुम और शिवानी गोयल द्वारा ओपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया गया। बुशरा जी ने बताया कि भविष्य में महिला काव्य मंच द्वारा साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में कार्यशालाएं आयोजित होगी। प्रतिभाओं को तराशने के साथ ही उन्हें मंच प्रदान करने हेतु प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती शालिनी जोशी पंत जी ने साहित्य शब्द का अर्थ बताते हुए नए रचनाकारों को समाजहित में लेखन के लिए प्रेरित किया साथ ही अपने बच्चो के दूर चले जाने की पीड़ा गीत के माध्यम से प्रस्तुत की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शहर की लोकप्रिय भजन गायिका श्रीमती राधिका एवं उनकी पुत्री कुमारी आराध्या की सुमधुर कृष्ण भजन प्रस्तुति रही, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के प्रमुख सूत्रधार श्रीमती शिवानी गोयल एवं श्री अंकुर गोयल रहे। महिला काव्य मंच की ओर से श्रीमती पारुल त्यागी, श्रीमती आकांक्षा गोयल एवं श्रीमती शिवानी गोयल का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कोर की प्रोफेसर श्रीमती प्रीति त्यागी, लर्निंग लीडर की प्रधानाचार्या श्रीमती रुचिका हांडा, सिब्लिंग नर्सरी स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू कौशिक तथा जी.डी. गोयनका स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शिप्रा गुप्ता सहित व रूडकी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती भावना त्यागी व शहर के गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

बाल प्रतिभाओं के सम्मान, साहित्यिक विमर्श, काव्य प्रस्तुतियों एवं भक्तिरस के सुंदर समन्वय ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *