देहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रदेशवासियों को जल्द ही 138 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलने जा रही है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदेश में यात्रियों को बेहतर, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि 138 इलेक्ट्रिक बसों में से 60 बसें प्रदेश में पहुंच चुकी हैं। इन बसों के संचालन से हरिद्वार और ऋषिकेश सहित देहरादून जैसे प्रमुख शहरों में आवागमन पहले से अधिक आसान होगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश को जोड़ने वाली सिटी बस सेवा भी संचालित की जाएगी। इससे तीनों शहरों के बीच यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
प्रदीप बत्रा ने बताया कि बसों के बेड़े में नई 200 बीएस-6 बसों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए नई नीति तैयार की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार करना और सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि इन नई बसों के संचालन से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासतौर पर देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख शहरों के बीच यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। सरकार प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
