रुड़की :
बी एस एम चैरिटेबल ट्रस्ट की अवैधानिता के विरुद्ध ब्राह्मण तथा सर्व समाज द्वारा ज़ारी धरना आज 18 वें दिन स्थगित कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बतरा ने आज धरना स्थल पर आकर ज्ञापन स्वीकारा और अति शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि 31 दिसंबर ,2026 तक ट्रस्ट के विरुद्ध एस आई टी जाँच आरंभ नहीं की जाती है और प्राधिकृत नियंत्रक नियुक्त नहीं होता है, तो 10 जनवरी 2027 से पुनः अनिश्चित कालीन धरना आरम्भ कर दिया जाएगा।
सतीश कुमार ने बताया कि मंत्री महोदय को दिये गये ज्ञापन में दान के धन से स्थापित समिति को ट्रस्ट बनाने, फंड के गबन, पीजी कॉलेज की प्रबंध समिति के अनुमोदित ना होने, कॉलेज की भूमि भवन दिखाकर निजी विश्वविद्यालय बनाने के प्रयास, सार्वजनिक अवकाशों के दिन कॉलेज खोलने, आकस्मिक छुट्टियों को जबरन अर्जित अवकाशों में बदलने आदि का विरोध किया गया है।
डॉ. सम्राट् सुधा ने कहा कि शिक्षा संस्थाओं में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सहन नहीं किया जाएगा। शिक्षक के सम्मान पर आघात करने वालों का प्रतिकार किया जाएगा।
मनोज शर्मा ने कहा कि जो संस्था पूरे समाज के दान और सहयोग से बनी है, वह किसी एक परिवार की निजी संपत्ति नहीं बनने दी जाएगी।
बिट्टू शर्मा ने कहा कि मांगे स्वीकार ना होने तक सामाजिक संपर्क बढ़ाया जाएगा।
जितेंद्र सैनी ने कहा कि शिक्षा मंदिर सभी समाजों के हैं, उनकी पवित्रता की रक्षा सभी मिलकर करेंगे।
आज धरना स्थल पर ज्ञापन देने वालों में अर्जुन पंडित, अरविंद शर्मा, बालेश चंद्र शर्मा,धीरज शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, मूला सिंह पुंडीर, वेद प्रकाश, आशीष शर्मा, मुनेश सहगल, बॉबी त्यागी,राहुल शर्मा,विपिन कुमार,वतन सिंह,नवीन कुमार शर्मा,रजनीश गुप्ता,शरद पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
